बुराडी से पकड़े गए बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो आंतकी।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो आतंकियों को शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सात पिस्टल, 45 कारतूस व दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दोनों को रविवार को अदालत मेें पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से उत्तर भारत के कई राज्यों में आतंकी हमला करने की फिराक में थे। इसके साथ ही दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए जिम्मेदार नेताओं की हत्या की साजिश रच रहे थे। इनकी पहचान गांव ताजपुर, तहसील, रायकोट, लुधियाना निवासी भूपेंदर सिंह उर्फ दिलावर सिंह और गांव बिनजल, रायकोट, लुधियाना निवासी कुलवंत सिंह के रूप में हुई है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि आईएसआई की मदद से पाक में बैठे खालिस्तानी आतंकी उत्तर-भारत के कई राज्यों के नेताओं की हत्या की साजिश रच रहे हैं। भारत में खालिस्तानी आंदोलन से जुड़े आतंकी इन वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इस संबंध में जानकारी जुटाने के बाद उनकी टीम को पता चला कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े भूपेंदर सिंह और कुलवंत सिंह इसी सिलसि??ले में हथियारों के साथ दिल्ली आने वाले हैं। पुलिस टीम ने शनिवार रात बुराड़ी स्थित मजलिस पार्क के पास नाका लगाया। इसी दौरान कार से दोनों आतंकी वहां पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग के बाद दोनों को काबू कर लिया। भूपेंदर और कुलवंत से एक-एक पिस्टल व पांच कारतूस बरामद हुए हैं। भूपेंदर के बैग से पांच पिस्टल और 40 कारतूस बरामद हुए।
सिख विरोधी दंगों के लिए जिम्मेदार नेता थे निशाने पर
दोनों आतंकियों ने बताया कि वह 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए जिम्मेदार नेताओं की हत्या करने के लिए दिल्ली आए थे। बब्बर खालसा इंटरनेशनल भारत में खालिस्तान की स्थापना कर बड़े हमले करने की फिराक में है। इसके लिए पाकिस्तान, यूके और सऊदी अरब में बैठे खालिस्तानी समर्थक उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर बब्बर खालसा नया आतंकी संगठन जत्था वीर खालसा बनाने वाला है।