मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, योजना के तहत पंजीकरण शुरू हो गया है। अयोध्या जाने के लिए इच्छुक पात्र लोग दिल्ली सरकार के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण ज्यादा हो जाएंगे तो दूसरी ट्रेन लगाई जाएगी। इससे भी ज्यादा लोग हो गए, तो तीसरी ट्रेन लगा देंगे। केजरीवाल ने कहा कि रामलला के दर्शन के लिए सब लोग आवेदन करें। ज्यादा से ज्यादा लोग अयोध्या जी के दर्शन करने के लिए जाएं।
दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत अयोध्या जाने को तैयार हर दिल्लीवासी को रामलला के दर्शन करवाएगी। इसके लिए बेशक ही अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम करना पड़ें। अयोध्या के लिए पहली ट्रेन तीन दिसंबर को रवाना होगी। यात्रा पर जाने को इच्छुक दिल्ली के पात्र लोग ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, तीर्थ यात्रियों की संख्या अधिक होने पर इसके लिए दूसरी ट्रेन भी लगाई जाएगी। दिल्ली के हर एक नागरिक को रामलला के दर्शन कराकर लाने का वायदा भी केजरीवाल ने किया। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बहुत जल्द तमिलनाडु के वेलंकन्नी को भी तीर्थ यात्रा की सूची में शामिल किया जाना है। इसके बाद ईसाई समुदाय के लोग भी अपनी मर्जी के मुताबिक मुफ्त तीर्थ यात्रा कर सकेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में 12 धार्मिक स्थल शामिल हैं। इनमें से कोई भी व्यक्ति किसी भी स्थान को चुन सकता है। इसमें पुरी, द्वारकाधीश, हरिद्वार, रामेश्वरम, शिरडी और अजमेर समेत कई जगह ले जाते हैं। यात्री अपने साथ अटेंडेंट के तौर पर अपने घर के किसी एक युवा आदमी को भी लेकर जा सकता है। तीर्थ यात्रियों को एसी ट्रेन से लेकर जाते हैं और अच्छे एसी होटल में ठहराते हैं। वहां पर स्थानीय ट्रांसपोर्ट और खाना समेत सब खर्च दिल्ली सरकार वहन करती है। दिल्ली में अभी तक 36 हजार लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।