सीवर लाइन उद्घाटन अवसर पर मंत्री सतेंद्र जैन...
- फोटो : ani
दिल्ली सरकार के मंत्री सतेंद्र जैन की कार को रोकने को लेकर आम आदमी पार्टी ने हमले का आरोप लगाया है। उधर स्थानीय भाजपा ने इस आरोप को खारिज कर दिया है। पुलिस ने भी इस मामले में अपना स्पष्टीकरण दिया है।
इससे पहले आप ने कहा कि भाजपा को अहसास हो गया है कि वह आगामी निगम चुनाव हारने वाली है इसलिए खिसियाकर हमला कराया गया है। उधर भाजपा ने इस आरोप को निराधार बताया है। भाजपा का कहना है कि छावला के लोगों ने आप की नई शराब नीति का विरोध करने के लिए मंत्री के सामने प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कल छावला के गोयला विहार में सीवर लाइन का उद्घाटन किया। इस मौके पर जैन ने कहा कि नजफगढ़ में यह सीवर लाइन 76 कॉलोनियों और गांवों को कवर करेगी। 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सीवर लाइन का काम एक साल के भीतर पूरा हो जाएगा।
इस मामले को लेकर द्वारका जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर दिल्ली सरकार के मंत्री सतेंद्र जैन सीवर लाइन का उद्घाटन करने गोयला विहार पहुंचे थे। गोयला विहार इलाके में आयोजित कार्यक्रम में थाना स्तर पर पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात थे। हालांकि इस कार्यक्रम की पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उद्घाटन के बाद सतेंद्र जैन कार्यक्रम स्थल से निकल गए। गोयला डेयरी नाले को पार करने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करने लगे और उनकी कार को रोकने की कोशिश की। पास के पुलिस पिकेट तैनात कर्मचारी वहां पहुंचे और तुरंत प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।
उसके बाद मंत्री वहां से चले गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद के छावला और सेक्टर 23 द्वारका के थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।