राजधानी में पिछले एक दिन के दौरान 41 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि 57 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया। इस दौरान किसी भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है। पिछले एक दिन के दौरान 59,763 सैंपल की जांच की गई थी जिनमें 0.07 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित पाए गए।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अब राजधानी में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 370 है जिनमें से 169 मरीजों को उनके घरों में ही आइसोलेशन में रखा गया है। जबकि बाकी मरीजों का उपचार अलग अलग अस्पतालों में चल रहा है। इनके अलावा कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर अब 98 हो चुकी है।
इसी के साथ ही कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,41,610 हो चुकी है जिनमें से 14,16,140 मरीज ठीक हुए हैं लेकिन 25,100 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। राजधानी में कोरोना वायरस के चलते मृत्युदर 1.74 फीसदी है। जबकि अब तक की संक्रमण दर 4.58 फीसदी रही है।
विभाग ने टीकाकरण को लेकर जानकारी दी है कि राजधानी में अभी भी सात लाख लोग ऐसे हैं जिन्होंने अब तक वैक्सीन की एक भी खुराक नहीं ली है। पिछले एक दिन में 1.22 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है जिसके चलते कुल टीकाकरण 2.38 करोड़ पार हो चुका है। अभी तक 1.43 करोड़ लोगों ने पहली खुराक ली है लेकिन 95.39 लाख लोग ही दो खुराक लेकर टीकाकरण खत्म कर पाए हैं। राजधानी में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की व्यस्क आबादी 1.50 करोड़ है।