फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली : प्राथमिक कक्षाओं के लिए 28 से दाखिला प्रक्रिया, अधिसूचना जारी

Thu, 24 Jun 2021 05:26 AM IST
नोएडा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

अभिभावकों को आगामी सोमवार से स्कूलों के गेट पर ही फॉर्म मिल सकेंगे। फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 12 जुुलाई रखी गई है, जिसके बाद 26 जुलाई से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शैक्षणिक सत्र 2021-22 में सरकारी स्कूलों की प्राइमरी कक्षाओं के लिए 28 जून से दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसे लेकर शिक्षा निदेशालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत नर्सरी, केजी व पहली कक्षा के लिए दाखिले दिए जाएंगे। अभिभावकों को आगामी सोमवार से स्कूलों के गेट पर ही फॉर्म मिल सकेंगे। फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 12 जुुलाई रखी गई है, जिसके बाद 26 जुलाई से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

विज्ञापन


शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को अधिसूचना जारी करते हुए स्कूलों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक सर्वोदय विद्यालय में कम से कम एक सेक्शन नर्सरी, केजी और पहली कक्षा का रखना होगा। वहीं, एक सेक्शन में 40 बच्चों से अधिक की क्षमता नहीं होगी। दाखिले के लिए अभिभावकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क बनाने का भी निर्देश दिया गया है। इसमें स्कूल प्रबंधन कमेटी व शिक्षकों को शामिल होनेे के लिए कहा गया है।

तीन किमी से अधिक दायरे वाले भी कर सकेंगे आवेदन
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि दाखिले के लिए बच्चे का दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। दाखिले के लिए घर के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सर्वोदय विद्यालय में आवेदन किया जा सकेगा। वहीं, यदि एक किलोमीटर के दायरे में सर्वोदय विद्यालय नहीं है तो तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले छात्र आवेदन कर सकेंगे। निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी सेक्शन में 40 बच्चों की क्षमता पूरी नहीं हो पाती है, तो तीन किलोमीटर से अधिक दूर वाले बच्चों को भी दाखिला दिया जाएगा। हालांकि, इसके लिए अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर अंडरटेकिंग भी देनी होगी।
विज्ञापन


ड्रॉप बॉक्स में आवेदन जमा करना होगा
दाखिले के लिए अभिभावकों को फॉर्म भरकर स्कूलों के ड्रॉप बॉक्स में जमा करना होगा। आवेदन को अभिभावक सुबह की पाली वाले स्कूल में साढ़े आठ बजे से लेकर 11:30 बजे तक व दोपहर वाली पाली में ढाई बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक सभी कार्यदिवस पर जमा कर सकेंगे। इसके लिए 28 जून से 12 जुलाई तक का समय दिया गया है। आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद ड्रॉप बॉक्स को कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।

फॉर्म में गलती सुधारने के लिए तीन दिन का मिलेगा समय
फॉर्म जमा करने के बाद 13 जुुलाई को ड्रॉप बॉक्स को खोल दिया जाएगा और मिले आवेदनों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद आगामी 14 जुलाई को त्रुटीपूर्ण आवेदनों को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा। ऐसे आवेदनों में सुधार करने व फॉर्म से कमी को दूर करने के लिए अभिभावक 14 जुलाई से 16 जुलाई तक स्कूल समय पर पहुंच सकते हैं।

क्षमता से अधिक आवेदन आने पर 20 जुलाई को होगा ड्रॉ
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि स्कूलों में उनकी क्षमता से कम व बराबर आवेदन मिलते हैं तो ड्रॉ की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, यदि क्षमता से अधिक आवेदन मिलते हैं तो 20 जुलाई को ड्रॉ की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसमें स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य व नजदीकी दो स्कूलों के प्रमुख शामिल होंगे। सुबह की पाली में ड्रॉ की प्रक्रिया 11 बजे व दोपहर की पाली में तीन बजे की जाएगी। इससे बाद 23 जुलाई को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर ड्रॉ को प्रदर्शित किया जाएगा।
विज्ञापन


दाखिले के लिए यह रहेगी उम्र सीमा
नर्सरी - 31 मार्च 2021 तक बच्चे की उम्र कम से कम तीन वर्ष पूरी होनी चाहिए, यानी जन्म 01-04-2017 से 31-03-2018 के बीच हुआ हो।
केजी - 31 मार्च 2021 तक बच्चे की उम्र कम से कम चार वर्ष होनी चाहिए, यानी जन्म 01-04-2016 से 31-03-2017 के बीच होना चाहिए।
कक्षा पहली - 31 मार्च 2020 तक बच्चे की उम्र कम से कम पांच वर्ष होनी चाहिए, यानी जन्म 01-04-2015 से 31-03-2016 के बीच होना चाहिए।
दाखिले के लिए ये दस्तावेज होंगे मान्य
-अभिभावकों (माता-पिता) के नाम पर राशन कार्ड या स्मार्ट कार्ड होना चाहिए।
-अभिभावकों का आधार कार्ड
-अभिभावकों का वोटर आईडी कार्ड।
- अभिभावकों के पास आवास प्रमाण पत्र होना चाहिए।
- बिजली, टेलीफोन बिल, पानी का बिल, पासपोर्ट अभिभावकों के नाम पर होना चाहिए।

महत्वपूर्ण तारीखें
28 जून - सर्वोदय विद्यालयों में नर्सरी, केजी और कक्षा पहली में दाखिले के लिए फार्म उपलब्ध होंगे।
12 जुलाई - स्कूलों में फॉर्म जमा कराने की अंतिम तारीख।
14 जुलाई - स्कूलों में दाखिले के लिए सभी आवेदकों की सूची प्रदर्शित होगी।
14-16 जुलाई - दाखिला फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटि दूर करने के लिए अभिभावक स्कूलों में पहुंच सकते हैं।
20 जुलाई - कुल सीटों से अधिक आवेदन आने पर ड्रॉ होगा।
24 जुलाई - ड्रॉ में चयनित बच्चों की सूची स्कूलों में लगाई जाएगी।
26 जुलाई से 4 अगस्त - स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा।
5 से 7 अगस्त - वेटिंग लिस्ट में शामिल बच्चों का दाखिला होगा।
9 अगस्त - सीट खाली रह जाने पर पंजीकरण करने वाले छात्रों को ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें