विधानसभा चुनाव के मतदान कर्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान सोमवार को 24 पीठासीन अधिकारी और कर्मचारी नदारद रहे। इन्हें मंगलवार को प्रशिक्षण में शामिल होने की चेतावनी दी गई है। अन्यथा अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। विधानसभा चुनाव में जिले की चारों विधानसभाओं में नौ हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। राजकीय इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सोमवार को 1600 पीठासीन अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना था, लेकिन 24 कार्मिक नहीं पहुंचे। जिससे उनका प्रशिक्षण नहीं हो पाया है। प्रभारी कार्मिक और सीडीओ शैलेष कुमार ने कहा कि अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारी यदि मंगलवार को ट्रेनिंग नहीं लेंगे तो उनके खिलाफ एफआईआर होगी।
डीएम ने जानी प्रशिक्षण की गुणवत्ता
जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम रविंद्र कुमार ने सोमवार को प्रशिक्षण स्थल जीआईसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्मिकों से उन्हें दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी ली। डीएम ने कार्मिकों से कहा कि मतदान के दिन मास्टर ट्रेन सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ रहेंगे। ताकि ईवीएम में आई समस्या को सुधारा जा सके। उधर डीएम एवं एसएसपी शिवहरी मीना ने क्रिटिकल बूथों का जायजा लिया। बरूआसागर के राम सहाय इंटर भी गए और व्यवस्थाओं का हाल जाना।
कैलाश खेर ने वीडियो के जरिये की मतदान की अपील
सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में बॉलीवुड गायक कैलाश खेर झांसी के मतदाताओं से मतदान की अपील करते नजर आ रहे हैं। 48 सेकेंड के इस वीडियो में वोटरों से मास्क पहनकर बाहर आने और वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया है। यह वीडियो डीएम रविंद्र कुमार द्वारा तैयार कराया गया है। डीएम इससे पहले भी मतदान को प्रेरित करने वाला एक गीत लिख चुके हैं।