दिल्ली में दर्दनाक सड़क हादसे मेंजेप्टो के डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली के द्वारका साउथ में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक स्कूटी पर सवार था और किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह घरेलू सामान की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी में डिलीवरी बॉय था। घटना के समय वह घर जा रहा था।
विज्ञापन
मृतक की शिनाख्त गोयला निवासी करण के रूप में हुई। वह अपनी दो बहनों और माता-पिता के साथ रहता था। पुलिस ने बताया कि घटना 16 मई की रात की है। पुलिस को सूचना मिली कि एक स्कूटी सवार को किसी वाहन ने टक्कर मार दी है। टक्कर लगने के बाद स्कूटी चला रहा करण वहीं गिर गया था।
पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां 18 मई को उसकी मौत हो गई। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
विज्ञापन
मदद के लिए आगे आई कंपनी
करण जेप्टो कंपनी में काम करता था। कंपनी ने अपने ट्विटर अकाउंट से करण की मौत की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय करण ने हेलमेट पहना हुआ था और सही दिशा व यातायात नियमों का पालन करते हुए चल रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। कंपनी ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ है। कंपनी परिवार की आर्थिक मदद करेगी।