कंझावला में मोबाइल नहीं देने पर निजामुद्दीन (25) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिजनों के बयान और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह 7:50 बजे कंझावला के खेत में निजामुद्दीन का शव पड़े होने की सूचना मिली।
विज्ञापन
परिजनों ने बताया कि निजामुद्दीन को मोनू (40) घर से बुलाकर ले गया था। सीसीटीवी फुटेज में निजामुद्दीन और मोनू के साथ जाते हुए दिखे। पुलिस ने दबिश देकर शुक्रवार तड़के आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह निजामुद्दीन के साथ नशे का सेवन करता था। उसे शक था कि निजामुद्दीन ने उसका फोन लिया है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि फोन को खेत में फेंक दिया है।
बुधवार रात वह घर से निजामुद्दीन को लेकर वह खेत में फोन की तलाश में पहुंचा था। काफी तलाश करने पर फोन नहीं मिला। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान उसने निजामुद्दीन की गला घोंटकर हत्या कर दी। मोनू के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।