शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन इलाके में सूरज कुमार (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूरज के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय लोगों ने चोरी का आरोप लगाकर उसकी पीट-पीटकर हत्या की है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन इलाके में रविवार शाम एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सूरज कुमार (22) के रूप में हुई है। सूरज के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय लोगों ने चोरी का आरोप लगाकर उसकी पीट-पीटकर हत्या की है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सूरज का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है।
विज्ञापन
मामले पर शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि सूरज के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसा लगता है कि उसकी करंट लगने से मौत हुई। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत की सही वजहों का पता चल पाएगा। पुलिस परिजनों के आरोपों की भी जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सूरज अपने परिवार के साथ पुरानी सीमापुरी की झुग्गियों में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर को सूरज किसी काम से दिलशाद गार्डन गया था। वहां रास्ते में बारिश होने लगी तो वह एन-ब्लॉक के पास एक मकान की आढ़ में छिप गया। वहां पानी की मोटर लगी थी। लोगों को लगा कि सूरज चोरी की इरादे से यहां मौजूद है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि सूरज वहां शायद मोटर चोरी के इरादे से घुसा था, लेकिन चोरी के दौरान उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौत हो गई। शाम करीब 5.30 बजे मामले की सूचना सीमापुरी थाना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिवार के आरोपों को गलत बताया है। मामले की छानबीन की जा रही है।