ग्रेटर नोएडा में माता व बहन की डांट से आहत एक युवक ने दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव कोट के जंगल में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुइसाइड नोट भी मिला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद के गांव तिल बेगमपुर निवासी देवेंद्र (22) पुत्र गंगाराम गांव में ही मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता था।
दो दिन पूर्व घर पर माता व बहन ने किसी बात को लेकर डांट दिया था, जिससे आहत होकर वह घर से निकल गया। कोट गांव के जंगल में उसने पहले हाथ की नस काट कर खून से माथे पर तिलक किया और उसके बाद पेड़ से लटक कर फांसी लगा आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों ने फांसी पर लटके युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सुइसाइड नोट में परिजनों को पुलिस द्वारा परेशान न करने और दोस्तों से बिछड़ने का दर्द लिखा था।