बवाना इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बंद कमरे में मिला है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद कमरे के दरवाजा को बाहर से बंद कर फरार हो गए थे। मृतक ने इलाके की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था और अपने परिजनों से अलग किराए के कमरे पर रहता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस सभी पहलूओें से मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की शिनाख्त जेजे कालोनी बवाना निवासी आदर्श(20) के रूप में हुई है। रविवार शाम पौने पांच बजे पुलिस को विजय कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के कमरे का दरवाजा नहीं खोलने की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंचकर मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे के पास पहुंची और मकान मालिक से कमरे की दूसरी चाबी लेकर दरवाजा खोला। कमरे का दृश्य देकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में आदर्श का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सिर पर घातक हथियार से हमला किया गया था। साथ ही उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि आदर्श के पिता शिव बचन जेजे कॉलोनी बवाना में रहता है और उसकी परचून की दुकान है। आदर्श अपने पिता के साथ ही काम करता था। रविवार को दुकान पर नहीं आने पर उसके पिता लगातार आदर्श को फोन कर रहे थे, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। दरवाजा बंद था, काफी आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। उसके बाद शिव ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
उसके पिता ने बताया कि आदर्श ने करीब एक साल पहले जेजे कॉलोनी के रहने वाली एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। उसने अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए परिवार से अलग कमरे को किराए पर लिया था। पिता ने बताया कि कुछ दिन बाद दोनों को यहां रहना था। पुलिस ने पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।