पुलिस की टोईंग वैन की चपेट में आने से गोलगप्पे की ठेली लगाने वाले विकलांग युवक की मौत हो गई। हादसा ठेलीवाला को एक ऑटो द्वारा टक्कर लगने के कारण हुआ, जिससे ठेली वाला सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रही टोईंग वैन की चपेट में आ गया।
सिहानी गेट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन टोईंग वैन के चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस के मुताबिक, पटेल नगर स्थित वाल्मीकि कुंज निवासी मनोज (23) अंबेडकर रोड पर गोल गप्पे की ठेली लगाता था। उसके हाथ पर और पैर पर पोलियो था। उसका भाई सुनील भी साथ में ठेली पर रहता है।
रविवार शाम दोनाें अंबेडकर रोड पर ठेली लेकर जा रहे थे। दूसरी ओर पुलिस की टोईंग वैन सड़क पर पार्क हुए वाहनों को ले जाने के लिए घूम रही थी।
टोईंग वैन को देख सड़क किनारे खड़ा ऑटो चालक इस्लामुद्दीन ऑटो लेकर भागने लगा। रास्ते में ठेली लेकर जा रहे मनोज को ऑटो की टक्कर लगी, वह सड़क पर गिरा, इसी दौरान ऑटो का पीछा कर रही पुलिस की टोईंग वैन की चपेट में आ गया।
चेहरे और माथे पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ऑटो चालक का पीछा कर उसे दबोच लिया।
मनोज के भाई सुनील ने मामले की सिहानी गेट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें एसएचओ सिहानी गेट अशोक सिसौदिया ने बताया कि ऑटो चालक इस्लामुद्दीन निवासी शहीद नगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसा उसी से हुआ है। उधर, ऑटो चालक का कहना है कि ऑटो से हल्की टक्कर लगी थी।