सऊदी अरब होगा मेहमान देश
इस बार पुस्तक मेले में सऊदी अरब को सम्मानित अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। करीब 400 वर्ग मीटर के विदेशी पवेलियन में सऊदी अरब से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ-साथ कई नामी लेखक, साहित्यकार, कलाकार और प्रकाशक शिरकत करेंगे। यहां पाठकों को अरब के साहित्य जगत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
पाठकों के पास भारत में ही अरब की भाषा, संस्कृति, लोक परंपरा, साहित्य को समझने का यह बेहतरीन अवसर होगा। सऊदी अरब की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अतिथि देश बच्चों के लिए भी खास गतिविधियां करेंगे। इसके अलावा मेले में स्पेन, इटली सहित जी-20 समूह के अन्य देश भी शामिल होंगे।
बच्चों के लिए 600 से ज्यादा कार्यक्रम
पुस्तक मेले में इस बार बच्चों के लिए 600 से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवाओं को देश-विदेश के मशहूर लेखकों से मिलने, उनसे बात करने का अवसर मिलेगा। यहां वे ओपन माइक और एमपी थिएटर पर अपनी प्रतिभा को भी प्रदर्शित कर सकेंगे। इनके लिए यहां करियर परामर्श से जुड़ी कार्यशालाओं में शामिल होने का विकल्प भी होगा।
किताबों की इस अनोखी दुनिया में बच्चों के लिए कैरीकेचर, इलस्ट्रेशन, कैलिग्राफी जैसी रचनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रख्यात बाल साहित्यकार बच्चों से बात करेंगे। वैदिक गणित कार्यशाला में बच्चे गणित को सरल और खेल-खेल में सीख सकेंगे। निबंध, चित्रकला और क्विज के जरिये बच्चों को प्रतिभावान बनने का अवसर भी मिलेगा। बाल मंडप में ही इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं होंगी और बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर आधारित कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। बच्चे व युवा डिजिटल और वर्चुअल तरीके से पढ़ने का आनंद भी यहां ले पाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
पुस्तक मेले में सांस्कृतिक मंच की ओर से रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकार इसमें शामिल होंगे, जो नाटक, लोक गीत-संगीत, बैंड के जरिये अपनी कला को प्रदर्शित करेंगे।