अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आत्मनिर्भर भारत की ओर हमारे बढ़ते कदम और अपने ज्ञान के आधार पर हम 25 वर्षों के भीतर हर क्षेत्र में विश्व नेता बन जाएंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दृष्टिकोण पर चर्चा करते हुए ये बातें कहीं। वह अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से मध्य प्रदेश भवन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षकों को संबोधित कर रहे थें।
उन्होंने राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने और युवाओं को राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत करने के लिए एबीआरएसएम के प्रयासों की सराहना की। एबीआरएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो जेपी सिंघल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों पर संक्षिप्त विवरण पेश किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का लक्ष्य एक ऐसी शिक्षा नीति बनाना है जिसका आधार ज्ञान हो और जिसके माध्यम से विकसित भारत का निर्माण हो। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली, विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान नागपुर, डॉ बीआर अम्बेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जालंधर, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान नागालैंड, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना और संत लोंगोवाल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लोंगोवाल कार्यक्रम के सह आयोजक रहे।