थाना प्रभारी सदर इंस्पेक्टर सुभाष चन्द्र के अनुसार 9 फरवरी 2017 को सदर थाना पुलिस को गांव घसौला में ड्रेन के पास एक महिला का शव मिला था। महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले में मृतक महिला की पहचान न होने के कारण केस को अनट्रेस करके बंद कर दिया गया था। इसके बाद हाल ही में शुरू हुई पुलिस की जनसुनवाई के दौरान सदर थाना पुलिस के सामने यह मामला आया। जिसमें सदर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझा लिया।
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक महिला अनीता एक कंपनी में सफाई कर्मचारी थी जो इसी कंपनी में हाउस कीपिंग का काम करने वाले रंग बहादुर यादव के साथ रहती थी। दोनों ने शादी कर ली थी। वहीं, रंग बहादुर को शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी शक में उसने अपनी पत्नी अनीता की हत्या कर दी और शव को साथियों के साथ मिलकर घासौला के ड्रेन में डाल दिया। एसीपी अपराध वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी रंग बहादुर यादव को झारखंड से पकड़ा है। यहां आरोपी ने तीसरी शादी की हुई थी। पुलिस सात दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर छानबीन कर रही है।
तीसरी पत्नी के साथ रह रहा था आरोपी
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह झारखंड में रह रहा था। वहां पर ई रिक्शा चलाता था। उसकी एक पत्नी गुरुग्राम में रहती है। उसी अस्पताल में काम करने वाली युवती से शादी कर उसके साथ रहने लगा। सूत्रों की माने तो पुलिस को छानबीन में तीसरी शादी का भी पता लगा। पहचान होने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया है।