हत्या की सुपारी किसी और ने नहीं बल्कि अरविंद की पत्नी मधु ने ही दी थी। मधु के कहने पर उसके प्रेमी शौकीन ने परविंदर और गौरव नामक बदमाशों का इंतजाम किया। यह 13 अक्तूबर को घुमाने के बहाने शौकीन अरविंद को लेकर निकला था। इनके साथ परविंदर व गौरव भी थे। फरीदाबाद लेकर अरविंद की हत्या कर दी गई। अरविंद की हत्या का खुलासा होने के बाद भजनपुरा थाने में तीन अप्रैल 2022 को हत्या, सबूत मिटाने और अपराधिक षडयंत्र का मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने औपचारिक तौर पर मधु और शौकीन की गिरफ्तारी भी कर ली। लेकिन मामले में परविंदर व गौरव फरार चल रहे थे। अदालत ने दोनों के खिलाफ पहले गैर जमानती वारंट जारी किया। इसके बाद दोनों की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया। अब बुधवार को पुलिस ने ज्योति नगर इलाके से दोनों को दबोच लिया। दोनों ने फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस इनको काबू करने में कामयाब रही।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि मधु और शौकीन के बीच प्रेम प्रसंग था। यह बात जब अरविंद को पता चली तो वह इसका विरोध करने लगा। मधु ने अरविंद को रास्ते से हटाने की जिम्मेदारी शौकीन को दी। उसने लड़कों का इंतजाम कर वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद किसी को शक न हो इसलिए 16 अक्तूबर 2021 को खुद मधु ने पति की गुमशुदगी भजनपुरा थाने में करवाई थी। शिकायत करने के बाद वह पहले बिहार चली गई। इसके एक माह बाद वह पसोंडा शौकीन के पास आकर रहने लगी। लेकिन जब उसने प्रॉपर्टी विवाद में फातिमा की हत्या करवाई तो उसका भेद खुल गया।