पुलिस ने बताया कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के तहत डेरी मच्छा गांव के पास राम वाटिका कॉलोनी बनी है। कॉलोनी में मोहित परिवार के साथ रहता है। मोहित की शादी करीब 4 साल पहले बेबी (22 वर्ष) के साथ हुई। बेबी अपने पति से शराब पीने के लिए मना करती थी। मोहित निजी कंपनी में नौकरी करता है। रविवार की शाम को अपने पति मोहित से शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया।
उसके बाद भी मोहित शराब पीकर घर पहुंचा। नाराज होकर पत्नी बेबी ने मकान की खिड़की से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को सुबह जब पति ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो दंग रह गया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।