नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने मंगलवार को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिरणकूदना गांव स्थित सीएम श्री स्कूल में स्पोर्ट सेंटर और ट्रैक का उद्घाटन करना केवल दिखावा है। इसके ठीक बगल में 110 एकड़ जमीन वर्ष 1996-97 में दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए अधिग्रहीत की गई थी लेकिन आज तक वहां विकास कार्य शुरू नहीं हुआ।
डॉ. कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव से पहले स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने का वादा करती है, मगर जमीन आज भी खाली पड़ी है। उन्होंने सीेएम से सवाल किया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पर सरकार खामोश क्यों है। उन्होंने तंज कसा कि स्कूल में छोटे स्तर का स्पोर्ट सेंटर खोलना खोदा पहाड़ निकली चुहिया और ऊंट के मुंह में जीरा जैसा है। यह खेल प्रतिभाओं के साथ मजाक और जनता को गुमराह करने का तरीका है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली ग्रामोदय योजना के नाम पर करोड़ों रुपये की योजनाओं का उद्घाटन तो दिखाया जा रहा है लेकिन न नए स्कूल खुले, न कॉलेज और न ही युवाओं के लिए रोजगार देने वाले संस्थान बने। यूनिवर्सिटी की जमीन पर असामाजिक तत्वों का कब्जा बढ़ रहा है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है। ब्यूरो