ऑटो में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पिंक ऑटो चलाने की योजना तो बनाई गई, लेकिन शहर में यह परवान नहीं चढ़ सकी। परिवहन विभाग के अधिकारियों की मानें तो सारी तैयारियां पूरी होने के बावजूद पिंक ऑटो के परमिट के लिए आज तक एक भी आवेदन नहीं आया।
इसकी वजहों को लेकर अधिकारियों के पास भी जवाब नहीं है। दरअसल, नोएडा में जाम की समस्या को देखते हुए अन्य ऑटो के परमिट पर रोक लगाई गई थी, लेकिन उस दौरान भी पिंक ऑटो का परमिट खुले थे।
परिवहन विभाग ने बाकायदा इस ऑटो के लिए पिंक का चयन भी कर लिया था। इसके लिए शहर के कई प्वाइंट चिह्नित किए गए थे, जहां पिंक ऑटो का स्टैंड बनाने की बात की गई थी।
यही नहीं यह बनकर तैयार भी हो गई। विभाग के अधिकारियों ने शुरुआती चरण में 250 पिंक ऑटो के परमिट जारी करने की योजना बनाई गई थी।
यही नहीं पिंक ऑटो के परमिट में महिलाओं को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई थी। अभी आलम यह है कि महिला तो दूर पुरुषों ने भी इन ऑटो का परमिट लेने से परहेज कर दिया है।
पिंक ऑटो के बदले शुरू हुई थी रात्रि सेवा
पिंक ऑटो पर आवेदन नहीं आने के बाद दिसंबर में महिलाओं के लिए रात्रि सेवा ऑटो की शुरुआत की गई थी। इसके लिए 67 ऑटो चालकों को तैयार किया गया था।
इसमें 40 ऑटो चालक सिटी सेंटर से और 27 बॉटेनिक गार्डन से ऑटो चलाने की योजना बनाई गई थी। ऐसे ऑटो पर ‘केवल महिलाओं के लिए’ का नोट भी लिखवाया गया। कुछ दिनों तक ऐसे ऑटो तय स्टैंड पर भी दिखे, लेकिन अब यह भी स्टैंड से बाहर हो चुके हैं।