किराड़ी, बेगम विहार जैसी कॉलोनियों की सुध लेने वाला कोई नहीं, लोग परेशान
संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा, पांच साल से डल रही सीवर लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तरी दिल्ली में किराड़ी और बेगम विहार कॉलोनी में बीते चार दिन से भारी जलभराव है। ऐसी कई और कॉलोनियां हैं, जहां पर जल निकासी का इंतजाम अब तक नहीं हुआ। ऐसे ही मयूर विहार फेज-1, शशि गार्डेन रोड पार्क के अलावा अधिकांश पार्कों में पानी भरा है, ये पार्क कॉलोनियों के बीच में स्थित हैं। जमा पानी में डेंगू के लार्वा विकसित हो रहे हैं। यदि ये जलभराव खत्म नहीं किया गया तो डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारियां लोगों को खतरे में डाल सकती हैं।
बेगम विहार, राजीव नगर, राजीव नगर एक्सटेंशन, दीप विहार में पांच साल से सीवर लाइन डालने का काम धीमी गति से चल रहा। हर साल मानसून सीजन में ढलान पर बसीं इन कॉलोनियों में पानी भरता है। पूरा सीजन यहां के लोगों की दुर्दशा देखने वाला कोई नहीं होता। स्थानीय पार्षद के मुताबिक निगम से पंप भी नहीं मिले। निजी पंपों को लगाकर कुछ पानी की निकासी कराई है। शाहदरा साउथ जोन में मयूर विहार फेज-1 में एमसीडी के अधिकांश पार्क पानी से भरे हैं। शशि गार्डेन रोड पर स्थित पार्क में पहली बारिश के बाद से ही पानी भरा है। प्रताप नगर और पांडव नगर कॉलोनी के बीच स्थित पार्क के हर एक कोने में भरा है। एनडीएमसी इलाके में लक्ष्मीबाई नगर, संजय पार्क, साउथ दिल्ली में सरोजिनी नगर, आरके पुरम, आईएनए के अधिकांश पार्कों भी जल भराव हो रहा।