छात्रों की मांग पर यूजी, पीजी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट प्रोग्राम में आवेदन की तिथि बढ़ाई
द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए भी दोबारा पंजीकरण की तिथि 15 तक बढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के जुलाई सत्र में ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड में दाखिले की तिथि 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। छात्रों की मांग पर आवेदन पत्र की तारीख आगे बढ़ाई गई है। इच्छुक उम्मीदवार अब 15 जुलाई तक बिना किसी लेट फीस के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पुराने छात्रों को भी दोबारा-पंजीकरण के लिए 15 जुलाई तक आखिरी मौका है। पुराने छात्रों को अगले वर्ष के लिए दोबारा पंजीकरण करना अनिवार्य है।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इग्नू में छात्रों को घर बैठे और नौकरी के साथ स्नातक, स्नातकोत्तर प्रोग्राम, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में पढ़ाई का मौका मिलता है। जुलाई 2024 सत्र में छात्र ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड (ओडीएल) माध्यम से दाखिला ले सकते हैं। नए सत्र से छात्रों के पास पारंपरिक तीन वर्षीय स्नातक डिग्री प्रोग्राम के साथ-साथ चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम में पढ़ाई का मौका भी उपलब्ध है।
इस तरह करें आवेदन
ओडीएल प्रोग्राम में पढ़ाई के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ignouadmission.samarth.edu.in और ऑनलाइन मोड से पढ़ाई के लिए उम्मीदवारों को ignouiop.samarth.edu.in पर लॉग-इन करना होगा। नए आवेदक को पहले पंजीकरण करना होगा। इसमें आईडी बनने के बाद ही वे ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। आवेदन पत्र में उम्मीदवार को अपनी जानकारी समेत प्रोग्राम चुनने के बारे में दर्शाना होगा। उम्मीदवार आवेदन जमा करते समय निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। अन्यथा आवेदन रद्द हो जाएगा। छात्र अधिक जानकारी के लिए sscignou.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा 01129572513 और 29572514 पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ओडीएल व ऑनलाइन मोड में यह है अंतर
इग्नू के ओडीएल (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग) मोड में छात्रों के लिए स्टडी सेंटर में कक्षाओं का आयोजन किया जाता है। छात्र अगर चाहे तो सप्ताहांत में इन कक्षाओं में शामिल हो सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन मोड में छात्र को विडियोज और ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई करनी होती है। छात्रों को स्वयं स्टडी सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं होती। इसके अलावा ओडीएल मोड में पाठ्यक्रम और विषयों की उपलब्धता अधिक है। वहीं, ऑनलाइन मोड में अभी सीमित पाठ्यक्रम ही उपलब्ध है जिनमें छात्र आवेदन कर सकते हैं।