दिल्ली के साउथ पटेल नगर इलाके में प्रशासन की लापरवाही से यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र की बारिश के बाद भरे पानी में करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त गाजीपुर यूपी निवासी निलेश राय (26) के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर हुई बारिश के बाद निलेश घर से चाय पीने निकले थे। वहां से वापस लौटते समय अचानक उनको गली के गेट से करंट लग गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
कालोनी के सिक्योरिटी गार्ड ने देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शाम के समय गाजीपुर, यूपी में उनके परिवार को खबर दी। इनके परिवार में पिता नरेंद्र कुमार राय, मां नीलम और दो बहनें हैं। निलेश बीटेक करने के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।
इसी साल उसका प्री भी क्लियर हो गया थ। इस बार निलेश के साथ उसके परिवार को भी उम्मीद थी कि निलेश यूपीएससी की परीक्षा पास कर लेगा। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मध्य जिला की रणजीत नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
इस मामले पर आम आदमी पार्टी से सांसद स्वाती मालीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा की और इसके लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इससे पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार में एक महिला की बारिश में करंट लगने से मौत हो गई थी।