दिल्ली भाजपा के नेता उत्तराखंड की 20 विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे है। राजेश भाटिया व योगेंद्र चंदोलिया उत्तराखंड में गए 60 नेताओं की टीम प्रभारी बनाए गए है। बतौर सह प्रभारी व जिला प्रभारी के रूप में भी तैनात किया गया है। उत्तराखंड में दिल्ली के नेता पंकज बधावन भी चुनाव प्रचार और बूथ प्रबंधन को व्यवस्थित और सुव्यवस्थित करने में जुटे है। ये नेता बूथ पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को एक जुट ही नहीं कर रहे बल्कि उनकी नाराजगी को दूर कर रहे है। बूथ इंचार्ज, मंडल प्रभारी, जिला प्रभारी, मंडल जिला के कार्यकारिणी के बीच समन्वय बनाकर चुनावी मुहिम में जुटे है। ग्रामीण इलाकों में भी कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने की जिम्मेदारी दी गई है। पश्चिमी यूपी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और महासचिव दिनेश प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा उपाध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा, अशोक गोयल देवराहा, सुनील यादव, विक्रम बिधूड़ी, अदित्य झा, मोहन लाल गोहरा और ब्रजेश राय के साथ ही पूर्व मेयर जय प्रकाश जेपी को भी उत्तर प्रदेश की चुनावी ड्यूटी में तैनात है।
दिल्ली में रहने वाले यूपी के लोगों से भी संपर्क
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए दिल्ली में रह रहे 25 लाख से अधिक उत्तर प्रदेश के प्रवासी परिवारों के बीच में जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कौशल मिश्रा सीलमपुर विधानसभा के वेलकम से इस अभियान को शुरू किया। घर-घर जनसंपर्क कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी कार्यों से अवगत करा रहे है। साथ ही पार्टी के प्रत्याशियों को वोट करने की अपील की जा रही है। दिल्ली प्रदेश मंत्री एस राहुल ने बताया कि इस जनसंपर्क का उद्देश्य दिल्ली में रहने वाले उत्तर प्रदेश के प्रवासी परिवारों व उनके माध्यम से उत्तर प्रदेश में रहे उनके परिवार के सदस्यों व रिश्तेदारों को भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित करना है। पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास का नारा देकर घरो में योगी सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं।