दोनों साधुओं से कोई रंजिश नहीं थी, बस प्रभु की ऐसी ही इच्छा थी, इसलिए डंडे से सिर पर वार कर दोनों की हत्या कर दी। ये शब्द पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान नशे की हालत में डीएम व एसएसपी से कहे। जिन्हें सुनकर अधिकारी भी स्तब्ध रह गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पगौना के शिव मंदिर में हुए साधुओं के दोहरे हत्याकांड का राजफाश कर दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोपी को वारदात स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में छिपा हुआ पकड़ लिया था। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी ने मौके पर डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी संतोष कुमार सिंह को पूछताछ में बताया कि उसकी साधुओं से कोई रंजिश नहीं थी। देर रात करीब दस बजे प्रभु (भगवान) की इच्छा थी। इस कारण उसने साधुओं के पास रखे एक डंडे से सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद वह खेतों में ही दौड़ता रहा था। साथ ही आलाकत्ल डंडे को वारदात स्थल से करीब दो सौ मीटर दूर फेंक दिया था। जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।