पुलिस के मुताबिक, दुर्गा विहार कॉलोनी में बुजुर्ग राज सिंह (61) और उनकी पत्नी ओमवती (58) की हत्या कर दी गई। राज सिंह साल भर पहले एमसीडी से रिटायर हुए थे और परिवार के साथ रहते थे।
बीते शुक्रवार सुबह जब राज सिंह के रिश्तेदार उनसे मिलने घर पर पहुंचे तब हत्या का खुलासा हुआ। दरअसल, बीते 24 घंटे से राज सिंह और ओमवती को फोन पर रिश्तेदारों ने कई कॉल किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो रिश्तेदार खुद उनके घर पहुंच गए।
वहां पहुंचकर रिश्तेदारों ने देखा कि दंपती खून में लथपथ पड़े थे और उनके शरीर पर चाकू के निशान थे। इसके बाद रिश्तेदारों ने तत्काल पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक दंपती के बेटे सतीश और उसकी पत्नी कविता से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बेटे-बहू हत्या के वक्त घर में ही मौजूद थे।
जबकि उनके दोनों बच्चे बगल के कमरे में सो रहे थे। पुलिस ने मृतक के बेटे व बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी बेटे सतीश ने बताया कि प्रापर्टी विवाद को लेकर घर में काफी समय से विवाद चल रहा था।