रिटायर्ड आर्मी अफसर की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करते पूर्व सैनिक
- फोटो : राजन राय
एसएसपी ने बताया कि डीएम के आदेश के बाद कल इस मामले में हरीश चंद्रा, ऊषा चंद्रा, अनुराग चन्द्रा, उनके गनर राहुल नागर, रोहित गुजराल, प्रशांत नागर, जितेंद्र अवस्थी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जितेंद्र अवस्थी और राहुल नागर को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
कर्नल चौहान का कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाले हरीश चंद्रा अपने घर पर अवैध निर्माण करा रहे थे जिसकी शिकायत उन्होंने नोएडा प्राधिकरण में की थी। कर्नल चौहान का आरोप है कि हरीश चंद्रा पूर्व में नोएडा प्राधिकरण में तैनात रह चुके हैं इसलिए उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत के बाद हरीश चंद्रा खासे नाराज भी हो गए।
कर्नल चौहान का आरोप है कि चंद्रा ने घटना वाले दिन सुनियोजित तरीके से उन पर हमला किया, तथा दलित और प्रशासनिक अफसर होने का फायदा उठाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया।
गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी बी एन सिंह ने एसडीएम सदर को जांच सौंपी है। एकतरफा कारवाई करने के आरोप में पुलिस उपाधीक्षक (नगर प्रथम) अनित कुमार और तत्कालीन थाना प्रभारी मनीष सक्सेना का तबादला कर दिया गया है। सेक्टर 29 के चौकी प्रभारी को कल निलंबित कर दिया गया।
कर्नल चौहान को पुलिस ने चोरी के मामले में पकड़े गए एक चोर के साथ हथकड़ी लगाकर 14 अगस्त को अदालत में पेश किया था। कल बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों तथा शहर के लोगों ने कर्नल को हथकड़ी लगाकर अदालत में पेश करने तथा उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने के विरोध में नोएडा में पैदल मार्च निकाला। उनकी मांग है कि पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें बर्खास्त किया जाए।