दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का पुल प्रह्लादपुर इलाका सोमवार तड़के गोलियां की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दरअसल यूपी के नामी बदमाश व उसके साथी से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से 30 गोलियां चलीं। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मार गिराया। बदमाशों की पहचान राजा पहलवान उर्फ रफीक उर्फ कुरैशी और रमेश उर्फ राजू उर्फ बहादुर के रूप में हुई है।
हाल में राजा पहलवान और रमेश के कुछ मामले
12 फरवरी को राजा पहलवान, रमेश व इनके साथियों ने करावल नगर के प्रेम नगर में प्रॉपर्टी डीलर मुकेश कुमार त्यागी के दफ्तर पर गोलियां बरसा दी थीं। उस समय मुकेश के दफ्तर में सोनिया विहार थाने का एएसआई भगवत और सिपाही पवन शादी का कार्ड देने आए थे। गोली लगने से वह भी जख्मी हो गए थे। वारदात रात करीब 8.40 बजे हुई थी।
इसके बाद रात करीब 9.20 बजे आरोपियों ने लोनी में सलमान नामक युवक को घर से बुलाकर पांच गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सलमान पहले इनका ही साथी था। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। दूसरी ओर करावल नगर में पिछले साल दोनों बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोर उर्फ लंगड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसके बाद इन लोगों ने करावल नगर में ही जावेद उर्फ फाइटर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राजा ने 2014 और 2015 में भी दो युवकों की हत्या की थी। 2015 में वह लोनी थाने में गैंगस्टर एक्ट में भी बंद हुआ था। राजा के खिलाफ दर्ज फिलहाल सात आपराधिक मामलों का पता चला है, जबकि रमेश के खिलाफ छह मामले दर्ज होने का पता चला है।
एनसीआर में रंगदारी का बड़ा रैकेट चला रहे थे
राजा और रमेश दोस्त होने के अलावा दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी का बड़ा रैकेट चला रहे थे। पिछले साल अक्तूबर में रमेश ने अपने ही पिता की प्रॉपर्टी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात में राजा भी उसके साथ मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, गैंग में खोड़ा का जितेंद्र उर्फ टीटू, करावल नगर का ईशु गुप्ता, वेलकम का आबिद मोटा और भोपुरा और जावली के कई बदमाश भी शामिल थे। दिल्ली और यूपी पुलिस को आरोपियों ने खासा परेशान किया हुआ था।