छावला थाना पुलिस ने एटीएम डिस्पेंसर में उपकरण फंसा कर नगदी चोरी करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने पांच हजार रुपये और एक उपकरण बरामद किया है। बदमाशों की पहचान गांव खंडवा प्रतापगढ़ यूपी निवासी राहुल कुमार और सैनिक एंक्लेव मोहन गार्डन निवासी सोनू के रूप में हुई है। राहुल पर नागपुर में भी एटीएम से पैसे चोरी करने का एक मामला दर्ज है।
नौ जुलाई को छावला थाना पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम डिस्पेंसर से नकदी चोरी करने वाले वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाश दीनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक एटीएम से नकदी चोरी करने आएगा। इस सूचना पर छावला थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर एटीएम के आस पास घेराबंदी कर दी। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस टीम को सूचना दी कि बदमाश ने एटीएम मशीन में उपकरण डाला है और नकदी लेने आएगा। मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। राहुल ने पूछताछ में बताया कि वह यू-ट्यूब से एटीएम से उपकरण के जरिए पैसे निकालने का गुर सीखा। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया।
साल 2022 में उसे दो सहयोगियों गांव रेहवा, प्रयागराज यूपी निवासी संजय पाल और अशोक पाल सहित एटीएम से पैसे चोरी के मामले में नागपुर में गिरफ्तार किया गया था। सोनू ने बताया कि वह पुताई का काम करता है। काम करने के दौरान उसकी राहुल से मुलाकात हुई थी। राहुल ने उसे आसानी से पैसा कमाने के लिए एटीएम से पैसे चोरी करने का लालच दिया। वह राहुल के गिरोह में शामिल हो गया और वारदात को अंजाम देने लगा।
ऐसे करते थे एटीएम से चोरी
आरोपी बिना गार्ड वाले पुराने एटीएम के कैश निकासी स्लॉट में एक विशेष रूप से डिजाइन किया गया उपकरण लगाते थे। उसके बाद वह बाहर खड़े होकर ग्राहक के आने का इंतजार करते थे। ग्राहक एटीएम से पैसे निकालने की सारी प्रक्रिया करता था, लेकिन उपकरण लगे होने की वजह से पैसे बाहर नहीं निकलते थे और उपकरण में फंस जाते थे। ग्राहक के एटीएम से चले जाने के बाद बदमाश वहां पहुंचकर अपना उपकरण हटाकर पैसे निकाल लेते थे।