आरोपियों के कब्जे से सात हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस ने ठक ठक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मदनगीर निवासी अजय और गौतम उर्फ विजय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई विदेशी मुद्रा (सात हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर), चोरी के दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। इनसे मिले सात हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर भारतीय मुद्रा के हिसाब से लगभग चार लाख रुपये कीमत के हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी से तीन मामले सुलझाए हैं। आरोपी अजय व गौतम पर चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया वे बाइक पर समूह में चलते हैं।
दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि एक सितंबर को पंजाबी बाग में एक मनी एक्सचेंजर की कार से गैंग ने आस्ट्रेलियाई डॉलर चोरी किए थे। पश्चिम विहार निवासी पीड़ित का करोल बाग में मनी एक्सचेंज का काम है। इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। पीड़ित जब कार से घर लौट रहा था, तभी गैंग ने मौका देख कार से विदेशी मुद्रा चुरा ली। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर मुखबिर की निशानदेही पर पांच सितंबर की शाम शेख सराय रेड लाइट के पास से आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे व्यवसायियों, सुनारों, लक्जरी वाहनों में चलने वाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। वे चालकों के वाहनों के टायर में पंचर या वाहन से निकल रहे धुंए के बारे में बताकर उन्हें गुमराह करते थे। इसके बाद जैसे ही वह गाड़ी को रोककर जांच करते थे। इसी बीच गिरोह के सदस्य कार के अंदर रखे कीमती सामान को चोरी कर लेते थे।