दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 5 नवंबर को कोटला मुबारकपुर में अरुण कुमार नामक शख्स के 50 हजार रुपये चोरी हो गए। अरुण ने रुपये बैंक से निकाले थे। इसी तरह 6 नवंबर को प्रेमचंद तिवारी और उनकी पत्नी ने भी बैंक ऑफ इंडिया से 50 हजार रुपये निकाले थे।
दोनों छतरपुर स्थित धर्मशिला मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। मंदिर में किसी ने उनके रुपये चुरा लिए। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों जगहों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो दोनों जगह दो महिलाएं दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की।
शनिवार को पुलिस ने दोनों महिलाओं को प्रेस एंक्लेव, पुष्प विहार से दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए एक लाख रुपये बरामद कर लिए गए। दोनों ने बताया कि वह सगी बहनें हैं और शादीशुदा हैं। दोनों मध्य प्रदेश से दिल्ली आकर किराए का कमरा या फ्लैट ले लेती थीं और उसके बाद चोरी के लिए निकल जाती थीं।