पलवल। जिले में शनिवार से दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 27 और 28 जून को आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जिलेभर से कुल 120 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें 80 लड़के और 40 लड़कियां शामिल हैं। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका गुप्ता ने बताया कि करीब 12 वर्ष बाद जिले में खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहां वे जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
एसोसिएशन की ओर से पिछले 12 वर्षों से लगातार जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन एसएनडी पब्लिक स्कूल, सोहना रोड, पलवल में किया जाएगा। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके द्वारा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।