ग्रेनो वेस्ट में जाम की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। जाम की समस्या से लोग परेशान हो चुके हैं। गौड़ सिटी के आसपास के गोलचक्कर में वाहन चालक शुक्रवार को जाम में फंस गए। राहगीरों ने जाम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल कर ट्रैफिक पुलिस और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से सवाल किए कि कब ग्रेनो के लोग को जाम से मुक्ति मिल पाएगी।
सर्विस रोड का सहारा लेकर निवासियों ने निकलने का प्रयास किया। वहां भी जाम लग गया। ग्रेनो वेस्ट में किसान चौक, एक मूर्ति, शाहबेरी के साथ-साथ हनुमान मंदिर गोलचक्कर पर जाम की समस्या आम बात हो गई है, लेकिन पिछले 20 दिन से तिगरी से किसान चौक आने वाले रास्ते पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है।
पाम ओलंपिया सोसाइटी से लेकर गौड़ सिटी वन के गेट के सामने सबसे ज्यादा स्थिति खराब है। निवासियों का कहना है कि गौड़ सिटी वन के पास एक कट बना हुआ है। वहां दोनों तरफ से वाहन आने से रास्ता जाम हो जाता है। सर्विस रोड पर वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है।