पुलिस के मुताबिक पीड़ित हरि मोहन परिवार के साथ कोंडली इलाके में रहते हैं। उनका अपना कारोबार है। इनका बचत खाता एक्सिस बैंक में है। 11 जून को इनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताकर हरि मोहन से कहा कि कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह अपने कार्ड की क्रेडिट लिमिट को बढ़वा सकते हैं। इसके अलावा भी आरोपी ने बैंक की कई लुभावनी स्कीम बताई। हरि मोहन आरोपियों के झांसे में आ गए।
आरोपियों ने उनके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजकर उसको डाउनलोड करने के लिए कहा। इसके बाद पीड़ित से उनके कार्ड की डिटेल भरवा ली गई। जैसे ही हरिमोहन ने ऐसा किया उनके खाते से पहली बार में 1.85 लाख रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद दूसरे मैसेज में 99 हजार रुपये कट गए। उनका पूरा खाता खाली कर दिया गया। पीड़ित ने जब आरोपियों को कॉल करने का प्रयास किया तो उनका नंबर बंद मिला। परेशान होकर हरिमोहन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।