पुलिस की अपराध शाखा ने तिहाड़ जेल में बंद कैदी से सुपारी लेने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तीन हत्याएं करने के लिए 60 लाख रुपये की सुपारी ली थी।
पुलिस ने आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मंजीत महाल गिरोह के सदस्यों की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी। अब पुलिस सुपारी देने वाले तिहाड़ में बंद बदमाश से पूछताछ करेगी।
अपराध शाखा केसंयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि बदमाश मुकेश प्रजापति उर्फ मुक्कू (32) पेरोल पर जेल से बाहर गया और वापस नहीं लौटा।
आरोपी ने पैरोल पर छूटने के बाद रची पूरी साजिश
उसकी गिरफ्तारी के लिए एसीपी केपीएस मल्होत्रा की देखरेख में इंस्पेक्टर पीसी यादव व एसआई संदीप यादव की टीम बनाई गई। टीम ने 4 मार्च को पालम डाबड़ी रोड पर शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि जेल में वह गैंगस्टर नवीन खाती के संपर्क में आया। नवीन खाती ने उसे पेरोल पर जाकर तीन हत्याएं करने केलिए 60 लाख रुपये की सुपारी दी।
पेरोल पर बाहर आने के बाद उसने रोहित, सुरेंद्र उर्फसंजू, चिंटू और बाबू के साथ हत्या की साजिश रची। दो स्वचालित पिस्टल का भी इंतजाम कर लिया।
इस वजह से रची थी साजिश
ये साजिश को अंजाम दे पाते, उससे पहले पुलिस ने मुकेश को पकड़ लिया। यहां बता दें कि कैदी नवीन खाती के भाई समेत चार लोगों की नए वर्ष 2015 के जश्न के दौरान रविंद्र भोलू गिरोह ने हत्या कर दी थी।
नवीन को लगता था कि मंजीत महाल का इन हत्याओं के पीछे हाथ है। इस कारण नवीन ने उसे मंजीत के तीन साथियों की हत्या करने के लिए मुकेश को कहा।