नोएडा में एक्सप्रेसवे स्थित एक फार्म हाउस में मंगलवार रात दिल्ली से लाकर तीन महिला सेक्स वर्करों से नौ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। आरोपियों ने तीनों युवतियों से मारपीट भी की और पैसे भी छीन लिए। बुधवार सुबह युवतियों ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी फरार हैं।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने मामले में रायबरेली निवासी अखिलेश यादव, लवलेश यादव, भोला यादव, अंजन यादव व राजेश और हरदोई निवासी सतीश व शाहजहांपुर निवासी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी रायबरेली निवासी मुलायम सिंह यादव व बाराबंकी निवासी पंकज फरार हैं।
सभी आरोपी एक दूसरे से परिचित हैं। इनमें आठ लोग एक्सप्रेसवे स्थित फार्म हाउसों में कर्मचारी हैं। मंगलवार शाम को सभी लोगों ने वारदात की साजिश रची थी। ओला चालक मुलायम सिंह यादव फार्म हाउस में कार्यरत कर्मचारी लवलेश के साथ लाजपत नगर, दिल्ली गया था।
रात करीब 11:30 बजे लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन के पास तीन महिला सेक्स वर्कर खड़ी थीं। दोनों युवकों ने तीनों से 3-3 हजार रुपये में बात की और नोएडा सेक्टर-18 चलने के लिए तैयार कर लिया।