ग्राम पंचायत खोरी कलां व खोरी खुर्द दो पंचायतों में पहली बार सरपंच बनेगा। इन दो पंचायतों का गठन इसी वर्ष हुआ है। इससे पहले यह दोनों पंचायत रंगाला पंचायत के अधीन थी।
दोनों पंचायतों में सरपंच पद की डोर अनुसूचित जाति की पढ़ी लिखी महिला व पुरुष के हाथों में होगी। आरक्षण के तहत खोरी खुर्द महिला व खोरी कलां अनुसूचित पुरुष के लिए आरक्षित की गई है।
अपने चहेते उम्मीदवारों को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि तावडू खंड की 54 पंचायतों में इस बार 11 पंचायतें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
इनमें चार पंचायतें कलियाकी, खोरी खुर्द, निजामपुर व झामुवास अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। 15 पंचायतें सामान्य महिला के लिए आरक्षित की गई हैं।
जबकि 28 पंचायतें अनारक्षित हैं। खंड की 54 पंचायतों की कुल आबादी एक लाख चालीस हजार तीन सौ दो के करीब है। इसमें अनुसूचित जाति की कुल संख्या 17540 के लगभग है।