-दवा नहीं होने के कारण बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान अस्पताल में मरीजों के लिए जरूरी दवाओं की उपलब्धता कम है। अस्पताल की आवश्यक दवा सूची के अनुसार, कुल 178 जरूरी दवाओं में से 132 दवाएं ही स्टॉक में उपलब्ध हैं। 46 जरूरी दवाएं फिलहाल स्टॉक में नहीं हैं।
इन दवाओं में कैंसर के इलाज के साथ-साथ एनेस्थीसिया और दूसरी सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। इनमें मॉर्फिन टैबलेट, वैनकोमाइसिन, कीटोप्रोफेन/कीटामाइन, रिंगर लैक्टेट आईवी फ्लूइड, मेटफॉर्मिन, थायरॉक्सिन, एट्रोपिन सल्फेट, विटामिन-के, कैल्शियम और विटामिन-डी जैसी दवाएं शामिल हैं।
वहीं, अस्पताल में उपलब्ध 132 आवश्यक दवाओं में एड्रेनालिन, एमिकासिन, एम्लोडिपिन, सिस्प्लैटिन, पैरासिटामोल, सेफ्ट्रिएक्सोन, पैंटोप्राजोल, इंसुलिन और ओआरएस जैसी दवाएं शामिल हैं। अस्पताल में दवा उपलब्ध न होने पर उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है।