नोएडा में व्यावसायिक बिल्डर भूखंड योजना के तहत सबसे महंगी जमीन सेक्टर-82 में बिकी।
बिड के आधार पर 2.41 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से यहां आवंटन हुआ। इसके अलावा कुल दस में से नौ भूखंड सरकारी संस्थाओं ने खरीदे।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब 3 बजे इंदिरा गांधी कला केंद्र में बिड खुलनी शुरू हुई। 27 भूखंड के लिए कुल दस आवेदन ही आए। सभी भूखंडों के लिए एक-एक आवेदन ही जमा हुए। इस कारण आवेदन करने वाले हर आवंटी को भूखंड मिल गए।
यह भी पढ़ें:अभी और महंगे होंगे दिल्ली के आशियाने!
दस में से आठ भूखंड सरकारी संस्था इरकॉन इंटरनेशनल ने खरीदा, जबकि एक भूखंड नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनबीसीसी) ने खरीदा, सिर्फ एक भूखंड निजी कंपनी ब्लूमिंग रिसॉर्ट के नाम रहा। इसी कंपनी ने सबसे महंगी दर पर जमीन खरीदी।
हालांकि प्राधिकरण ने अन्य नौ भूखंडों की तुलना में सबसे ज्यादा रिजर्व प्राइस इसी भूखंड का तय किया था। 800 वर्ग मीटर के इस भूखंड के लिए न्यूनतम कीमत 2.40 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर रखा गया, जिसकी तुलना में कंपनी ने सिर्फ डेढ़ हजार रुपये ज्यादा बोली लगाई। किसी और आवेदनकर्ता के न होने के कारण 241500 रुपये प्रति वर्ग मीटर में प्राधिकरण ने जमीन आवंटित कर दिया।
यह भी पढ़ें:इन 2 प्रोजेक्टों की जमीन का मुआवजा नई दर से
प्राधिकरण से जानकारी के मुताबिक इन दस आवंटनों से करीब 17720 लर्ग मीटर जमीन आवंटित की जाएगी। इससे कुल 292 करोड़ रुपये की आमदनी होगी। आवंटन राशि के रूप में 30 दिन में 73 करोड़ रुपये मिलेंगे। इन सभी को बहुत जल्द आवंटन लेटर जारी किया जाएगा।
वहीं, प्राधिकरण दस में से नौ भूखंडों का आवंटन सरकारी संस्थाओं को होने से काफी उत्साहित है। आवंटन में पारदर्शिता को वजह बताया जा रहा है। गौरतलब है कि इन भूखंडों पर अधिकतम ग्राउंड कवरेज 0.40 प्रतिशत और फ्लोर एरिया रेशयो 2.0 तय किया गया है। प्राधिकरण ने इससे पहले 2007-08 में व्यवसायिक बिल्डर भूखंड योजना लांच की थी। बाकी बचे भूखंडों के लिए चुनाव बाद फिर योजना लाने की तैयारी है।
सेक्टर------कंपनी----------रिजर्व प्राइस------बोली---कुल कीमत
1-------इरकॉन इंटरनेशनल---------1.66------------1.83-----27.41
43-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.86-----34.14
43-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.80-----34.92
43-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.78-----34.53
43-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.75-----33.95
48-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.77-----31.08
48-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.59--------------1.77-----26.55
82-----ब्लूमिंग रिसॉर्ट------------2.40------------241500----19.32
92-----एनबीसीसी लिमिटेड-------1.59------------164500----56.70
125-----इरकॉन इंटरनेशनल-------1.96-------------2.15------20.64
(रिजर्व प्राइस और बोली की कीमत लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर में है जबकि कुल कीमत करोड़ रुपये में है।)