सर्फाबाद में हुई मौत और बुखार का डर अब वहां रहने वाले लोगों के चेहरों पर भी दिखाई देने लगा है। इस डर की वजह से 5 वीं तक के बच्चों के लिए आर्य समाज मंदिर में चल रहे स्कूल को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
इसके लिए स्कूल के बाहर नोटिस के जरिए सभी को इसकी जानकारी दी जा रही है। वहीं सरकारी स्कूल में 35 से 40 प्रतिशत तक बच्चों की संख्या में कमी आ गई है।
सर्फाबाद में आर्य समाज मंदिर में स्कूल चल रहा है। यहां पर बच्चों को 5 वीं तक पढ़ाया जाता है। इसके बाद सरकारी स्कूल में दाखिला करवाते हैं। स्कूल के इंचार्ज कालू शास्त्री ने बताया कि जब से गांव में बुखार फैला है तब से लोगों ने बच्चों को स्कूल में भेजना कम कर दिया है।
इस वजह से बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए अगले दो दिनों तक स्कूल को बंद रखने का फैसला लिया गया है। स्कूल के बाहर नोटिस भी लगा दिया गया है।
सरकारी स्कूल में कम हुए बच्चे, टीचर्स भी हुई बीमार
गांव में बने सरकारी स्कूल में भी बच्चों की संख्या में कमी आ गई है। यहां पर 400 के करीब बच्चे पढ़ते हैं। लेकिन इन दिनों 250 से ज्यादा बच्चे नहीं आ रहे हैं।
अब तक स्कूल में जांच के लिए नहीं पहुंची डॉक्टरों की टीम
जांच शिविर
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी स्कूल को कोई गाइडलाइन नहीं जारी की गई हैं। यहां तक की बीमारी से बचाव के लिए भी कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं। स्कूल की प्रिंसिपल आशा और टीचर सुधा की तबीयत खराब की वजह से छुट्टी चल रही है।
स्कूल की प्रिंसिपल आशा ने बताया कि बुखार होने की वजह से मैं छुट्टी पर हूं। स्कूल के बच्चों की भी तबीयत खराब चल रही हैं। इस वजह से स्कूल में बच्चों की संख्या में कमी आई है।
कई बच्चे स्कूल में तबीयत खराब होने पर घर वापस जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर अभी स्कूल में जांच के लिए नहीं आए हैं। सोमवार को उनको आना था, लेकिन लोकल छुट्टी होने की वजह से नहीं आ सकें हैं। हम लोग अपने स्तर पर ही स्कूल की नालियों में तेल डाल रहे हैं, ताकि मच्छर न पनपें।
किरायेदार भी कर रहे हैं खाली
गांव में लगे कैंप में आए कृष्णपाल ने बताया कि हमारे मकान में किरायदार रह रहे हैं। लेकिन पिछले दिनों हुई मौत के बाद वह वह लोग यहां से घर खाली करने पर विचार बना रहे हैं। हमारे किरायदार तो दूसरी जगह पर मकान भी तलाश रहे हैं।
सोमवार को भी कैंप में पहुंचे 250 लोग
गांव में लगे कैंप में सोमवार को 250 लोग जांच कराने के लिए पहुंचे। अब तक कुल मिलाकर 2650 के करीब मरीज हो चुके हैं।
हालांकि अन्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या में कमी आई है। इसके लिए 25 सैंपलों को जांच के लिए भी लिया गया है। इसके साथ ही 3 गंभीर अवस्था में आए मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।