सोमवार दोपहर करीब दो बजे 10 और 12 साल के दो बच्चे रहस्यमय हालात में लापता हो गए। एक बच्चे के घर में पर्चे पर लिखा मिला कि ‘मम्मा, मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं, रूद्र (दोस्त) के साथ मोबाइल और पैसे लेकर जा रहा हूं।
बाय...बाय।’ परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने 10 घंटे बाद बच्चों को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बच्चों का कहना है कि वे इंडिया गेट देखने जा रहे थे। उनसे 10 हजार रुपये मिले हैं, जो उन्होंने अपनी गुल्लक फोड़कर निकाले थे।
एसएचओ दीपक शर्मा ने बताया कि सूरत सिटी कालोनी में सचिन तेवतिया परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा रूद्र (10) मोदीनगर के दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता है।
उसकी मां एसआरएम यूनिवर्सिटी में मैनेजर हैं। उन्हीं के घर के पास आरडी शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा आदित्य (12) बालबाड़ी पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र है।
दोपहर दोनों बच्चे घर से दस हजार की नगदी, मोबाइल लेकर गायब हो गए थे। गाजियाबाद आरपीएफ इंस्पेक्टर राजकुमार ने उन्हें बच्चों को मिलने की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि बच्चों को गाजियाबाद स्टेशन पर गढ़वाल एक्सप्रेस ट्रेन से बरामद किया गया। दोनों बच्चे दिल्ली इंडिया गेट देखने जा रहे थे।