राजधानी की रामलीलाओं में सासंद, विधायक और नेताओं ने की शिरकत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी की अलग-अलग रामलीलाओं में बृहस्पतिवार को ताड़का वध, सीता स्वयंवर और श्रीराम वनवास का बेहतरीन मंचन हुआ। मंच पर कलाकारों की निपुण अदाकारी, मधुर भजनों और आधुनिक तकनीक ने रामलीला को युवा और बुजुर्ग सभी के लिए यादगार बना दिया। इन रामलीलाओं में सांसद, विधायक और कई नेताओं ने भी भाग लिया।
लाल किला ग्राउंड में लव-कुश रामलीला कमेटी ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की कई प्रमुख लीला का मंचन प्रस्तुत किया। केवट का किरदार निभाते हुए नामी सिंगर और अभिनेता शंकर साहनी ने मधुर गीतों के साथ लीला को जीवंत कर दिया। उनके स्वर के साथ ग्राउंड में मौजूद रामभक्तों ने भी अपना स्वर मिलाया जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार के अनुसार, केंद्रीय मंत्री एस पी बघेल, सांसद बांसुरी स्वराज और दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद भी प्रभु श्रीराम की लीला देखने पहुंचे।
श्री धार्मिक लीला कमेटी ने लालकिला स्थित माधवदास पार्क में कराए गए मंचन में रामजन्म, ताड़का वध और पृथ्वी पर राक्षसों के उत्पात को रोकने की लीला का प्रस्तुतीकरण किया। प्रवक्ता रवि जैन ने बताया कि ताड़का, मारीच व सुबाहु असुरों वध की लीला को दर्शकों ने काफी सराहा। वहीं, लालकिला मैदान में नव श्री धार्मिक लीला कमेटी ने सीता स्वयंवर का भव्य मंचन प्रस्तुत किया। श्रीराम–सीता विवाह और भव्य राम बारात ने पूरे पंडाल को भक्तिमय माहौल से भर दिया।
वहीं, ग्रेटर कैलाश में आयोजित श्रीराम धार्मिक रामलीला में सांसद और भजन गायक मनोज तिवारी ने श्रीराम नाम का संगीतमय गुणगान प्रस्तुत कर दर्शकों को मोहित कर दिया। रामलीला कमेटी के चेयरमैन सतीश उपाध्याय ने उनका स्वागत किया। आदर्श रामलीला कमेटी, अशोक विहार फेस 2 में भव्य सेट, कंप्यूटरराज्ड यंत्र, लेजर लाइट और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से महल और अन्य दृश्य बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किए गए। लीला का उद्घाटन सासंद योगेन्द्र चंदोलिया ने किया। द्वारका सेक्टर-10 में द्वारका श्रीराम लीला सोसायटी ने दशरथ–कैकेयी संवाद, राम वनवास और केवट प्रसंग का सुंदर मंचन किया। संरक्षक आकाश रोजश गहलोत ने बताया कि मंच पर 3डी प्रकाश, अत्याधुनिक ध्वनि प्रणाली और आकर्षक सेट्स ने लीला को और भी जीवंत बना दिया। वेस्ट विनोद नगर की ''कामधेनु रामलीला'' में राम, सीता और लक्ष्मण वन के लिए प्रस्थान करने के दौरान दर्शक भावुक हो उठे।