राज चौराहे के निकट सिंडिकेट बैंक में शुक्रवार सुबह तड़के लगी आग से कंप्यूटर व फर्नीचर जल गये। गनीमत रही आग बैंक के स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंची वर्ना काफी नुकसान हो सकता था।
घंटों मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सुबह करीब नौ बजे आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
राज चौराहे के पास सिंडीकेट बैंक की पुरानी शाखा स्थित है। बैंक के सामने रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह छह बजे बैंक की खिड़कियों से धुआं निकलता देखा। इस पर उसने तुरंत बैंक कर्मी राकेश को फोन पर सूचना दी।
राकेश ने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। मोदीनगर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मेरठ व परतापुर की तीन गाड़ियां और बुलाई गईं।
फायर बिग्रेड कर्मियों ने करीब तीन घंटेके बाद सुबह नौ बजे आग पर काबू पाया गया। बैंक प्रबंधक दीपक शर्मा ने बताया कि आग से छह कंप्यूटर व फर्नीचर जलने से करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा है।