स्वतंत्रता दिवस (Independence day) पर कोई अनहोनी न हो सके, इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस व खुफिया विभाग (Intelligence department) सतर्क है। किसी भी साजिश से निपटने के लिए सुरक्षाबलों ने पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं।
रोहिणी सेक्टर-नौ इलाके के डीसी चौक पर बृहस्पतिवार शाम एक लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत पूरे इलाके को खाली करवाया और वहां घेराबंदी कर दी। रोहिणी जिले के सभी आला पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियों ने बैग की तलाशी ली। बैग में एक टिफिन मिला, जिसमें खाने का सामान मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर बैग के मालिक की पहचान कर रही है।
विज्ञापन
स्वतंत्रता दिवस को लेकर खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट कर चुकी है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध वस्तु और व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस इसे काफी गंभीरता से ले रही है। बृहस्पतिवार शाम 4.01 बजे पुलिस को सेक्टर-नौ रोहिणी के डीसी चौक के पास पार्किंग में एक लावारिस बैग पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही प्रशांत विहार थाने की पुलिस के साथ साथ बम निरोधक दस्ता, स्वान दस्ता और दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैग मिलने वाली जगह को सील कर दिया और लोगों को वहां से दूर कर दिया। इस बीच सूचना मिलते ही रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त सहित अन्य आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
स्वान दस्ता से जांच करवाने के दौरान पुलिस को बैग में किसी प्रकार के विस्फोटक नहीं होने का पता चला। उसके बाद बम निरोधक दस्ते ने बैग की तलाशी ली। जिसमें एक टिफिन मिला। टिफिन खोलने पर उसमें दाल चावल रखे थे। उसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि पुलिस इस तरह की सूचनाओं को काफी गंभीरता से लेती है। जांच में बैग में कोई विस्फोटक नहीं मिला।