हिंडन एयरफोर्स बेस पर हमले की साजिश रचने वाले कथित आतंकियों को गिरफ्तार हुए अभी दो दिन ही हुए हैं कि हिंडन में संदिग्धों के घुसने की सूचना से हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में बेस में स्थित केंद्रीय विद्यालय और एयरफोर्स स्कूल की छुट्टी कर दी गई और रात भर सर्च ऑपरेशन चला। शुक्रवार सुबह अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह मॉक ड्रिलिंग थी, जिससे यह जांचा जा रहा था कि एयरबेस की सुरक्षा व्यवस्था व अधिकारी कितने सतर्क हैं। हालांकि कुछ घंटे बाद ही पता चला कि वाकई एक संदिग्ध शख्स एयरबेस में घुसा था जिसे एयरफोर्स पुलिस ने धर दबोचा।
गाजियाबाद के एसएसपी धर्मेंद्र यादव ने जानकारी दी है कि रात 2 बजे एयरबेस की बाउंड्री फांदकर एक संदिग्ध के घुसने की सूचना हुई। इसके बाद एयरबेस में 4 घंटे की खोजबीन में इंदरपुरी लोनी के रहने वाले 25 साल के सोनू को एयरफोर्स पुलिस ने धर दबोचा।