पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में मंगलवार शाम को संदिग्ध हालात में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र का शव रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त रोहित दुबे (22) के रूप में हुई। परिवार ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
वहीं शुरुआती जांच के बाद पुलिस रोहित की मौत को हादसा बता रही है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
परिवार के मुताबिक, रोहित बॉडी बिल्डिंग में दो बार मिस्टर दिल्ली रहने के अलावा एक बार मिस्टर हरियाणा भी रह चुका था। फिलहाल वह एशिया स्तर की चैंपियनशिप की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, रोहित परिवार के साथ गली नंबर-2, साउथ गणेश नगर में रहता था। परिवार में पिता ओम प्रकाश दुबे, मां कुसुम व अन्य सदस्य हैं। रोहित नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में बीबीए अंतिम वर्ष का छात्र था।