अदालत ने वकील के मानहानि मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व आप नेता योगेंद्र यादव पर बुधवार को आरोप तय कर दिए। अदालत ने यह आरोप कड़कड़डूमा अदालत के वकील सुरेंद्र शर्मा की मानहानि शिकायत पर तय किए हैं।
पटियाला हाउस अदालत के एसीएमएम समर विशाल ने केजरीवाल, सिसोदिया व योगेंद्र यादव पर आरोप तय करते हुए कहा कि इन आरोपियों पर मानहानि का मुकदमा चलाने के लिए पहली नजर में पर्याप्त साक्ष्य हैं। मामले की अगली सुनवाई 11 अप्रैल को होगी।
शाहदरा बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव एवं तत्कालीन आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सुरेंद्र कुमार शर्मा ने आरोप लगाया था कि 2013 में आप ने उनसे संपर्क किया था और पार्टी के टिकट पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने को कहा था लेकिन इसके बाद उन पर मिथ्या आरोप लगाते हुए उनका टिकट काट दिया।
मानहानि की शिकायत दायर कर शर्मा ने कहा कि 14 अक्तूबर 2013 को प्रमुख अखबारों में छपी खबरों में केजरीवाल ने उनके खिलाफ अपमानजनक और खराब शब्दों का इस्तेमाल किया था। उनके इस कृत्य से बार एसोसिएशन और समाज में उनके सम्मान को नुकसान पहुंचा था।