मोबाइल चोरी के शक में एक युवक की राहगीरों
ने पिटाई कर दी। आरोप है कि पकडे़ जाने के डर से युवक ने एनएच-24 पर एबीईएस कॉलेज के पास पुल से अंडरपास पर छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया।
लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। उधर, पुलिस हिरासत में युवक ने दावा किया है कि वह बेगुनाह है। पुल से छलांग नहीं लगाई, बल्कि मारपीट होने पर पैर फिसलने के कारण पुल से गिर गया था।
युवक के पैर में फ्रैक्चर है, उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विजयनगर पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक बृहस्पतिवार को ऑटो में सफर कर रहा था, इस दौरान एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी हो गया। ऑटो में तीन सवारियां थीं, जिनमें से एक ने युवक पर चोरी का शक जताया और उसके साथ मारपीट की। इस पर वह भागने लगा। आरोप है कि वह पुल से कूद गया, जबकि उसका कहना है कि वह पिटाई के दौरान पैर फिसलने से गिरा। आरोप है कि युवक का पीछा किया गया तो वह पुल से कूद गया। एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में आरोप निराधार निकले हैं।