दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने जहांगीरपुरी के स्कूल में गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया। उपमुख्यमंत्री जहांगीरपुरी स्थित डी ब्लॉक रानी चेनम्मा सर्वोदय कन्या विद्यालय में औचक निरीक्षण के लिए गए थे।
स्कूल के हालात देखने के बाद जब उन्होंने प्रिंसिपल से सवाल किए तो उन्होंने उसकी जिम्मेदारी नहीं ली। सिसोदिया ने मंगलवार को पांच सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। इन स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप व रेमेडियल कक्षाएं चल रही हैं।
इनमें से चार स्कूल तो साफ-सुथरे व व्यवस्थित थे लेकिन चेनम्मा स्कूल में गंदगी और अव्यवस्था नजर आई। यहां चल रही सुधारात्मक कक्षा में डेस्क पर धूल बिछी हुई थी। जब उन्होंने बच्चों से पूछा तो पता चला कि कक्षा में सफाई ही नहीं होती। बच्चे ही स्वयं डेस्क साफ करते हैं। एक अन्य कक्षा में खिड़की के बाहर गंदगी पड़ी हुई थी।