नोएडा के चारों सरकारी सीबीएसई विद्यालयों में दाखिले के लिए फॉर्म जारी कर दिए गए हैं। किसी भी स्कूल से 50 रुपये देकर आवेदनपत्र प्राप्त किया जा सकता है। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी है। इस साल चारों स्कूल में एडमिशन के लिए एक कॉमन फॉर्म जारी किया गया है।
ग्रेटर नोएडा के सावित्री बाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज, नोएडा के पंचशील बालक इंटर कॉलेज और महामाया बालिका इंटर कॉलेज में पहली कक्षा से लेकर नौवीं तक की कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए अंतिम मौका 25 जनवरी है। जहां से फॉर्म लिया जाएगा उसी विद्यालय में ही जमा करने के प्रावधान है।
आवेदनपत्र में अपने मनपसंद कॉलेज में एडमिशन के लिए विकल्प भरना पड़ेगा। इसके बाद उम्मीदवार को उस विद्यालय में दाखिला देने के लिए बुलाया जाएगा। कक्षा एक में दाखिले के लिए किसी भी तरह की परीक्षा नहीं होगी, वहीं नौवीं के लिए बच्चों को लिखित परीक्षा से गुजरना होगा।
जिसे संबधित विद्यालय अपने-अपने स्तर पर आयोजित करेगा। कक्षा एक से नौवीं तक के दाखिले के बाद अगली कक्षा के लिए आवेदन लिए जाएंगे। 11वीं में एडमिशन की अधिसूचना सीबीएससी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के बाद जारी किए जाएंगे।
ड्रॉप आउट छात्रों की जगह मिलेगा मौका
सभी विद्यालयों में पहली कक्षा की 80 सीटों पर एडमिशन होंगे। दूसरी से नौवीं तक की कक्षाओं में जो सीटें खाली रह गई है अथवा जो छात्र किसी कारणवश एडमिशन लेकर छोड़ दिए थे, उन सीटों पर नए छात्रों को मौका दिया जाएगा। अगर किन्हीं परिस्थितियों में बची सीटें भी खाली रह जाती हैं तो दूसरी वेटिंग लिस्ट जारी की जाएगी।