मल्टी स्टोरी फ्लैटों में रहने वाले लोग अब दिल्ली जल बोर्ड से अलग-अलग पानी का कनेक्शन ले सकेंगे। अब उन्हें दिल्ली सरकार के पानी पर दी जाने वाली सब्सिडी का भी फायदा मिलेगा।
क्योंकि अब दस मंजिल वाले फ्लैटों में भी अलग-अलग पानी का कनेक्शन मिल जाएगा। दिल्ली जलबोर्ड ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि एक संपत्ति में पानी के कनेक्शन की संख्या 6 से बढ़ाकर 10 कर दी गई है।
यानी एक ही संपत्ति में अगर दस परिवार अलग-अलग मंजिल पर रहता है तो वह अपना अलग से पानी का कनेक्शन ले सकता है। किराये में रहने वाले लोगों को अब मकान मालिक भी गुमराह नहीं करेंगे कि उनके लिए अलग से पानी का कनेक्शन नहीं लिया जा सकता है। ऐसे में अब किराये के मकान में रहने वालों को भी सब्सिडी का फायदा मिल सकता है।